छह ग़लतियाँ, जिनसे अस्थायी नंबर वाले खाते का एक्सेस छिन जाता है
हमारी सपोर्ट टीम को अक्सर ऐसे संदेश मिलते हैं: "मेरे खाते का एक्सेस चला गया, और अस्थायी नंबर पर अब कोड नहीं आते। क्या नंबर वापस मिल सकता है?" उस समय तक नंबर वापस पाना हमेशा मुमकिन नहीं होता। नंबर प्रदाता के SIM कार्ड पर चलता है, और चुनी हुई सेवा के लिए वह सिर्फ़ ऑर्डर की अवधि तक आपके नाम रहता है। एक्टिवेशन में यह एक घंटा है (हर सेवा की अवधि कैटलॉग तय करता है)। किराये में 1, 3 या 7 दिन। यह समय पूरा होने के बाद उस नंबर पर भेजे गए कोड आप तक नहीं पहुँचते, और बाद में उसे उसी सेवा के लिए कोई दूसरा खरीदार खरीद सकता है।
नीचे वे छह ग़लतियाँ हैं जिनसे ऐसी कहानी आम तौर पर शुरू होती है। हर ग़लती के साथ हमने यह भी बताया है कि बेहतर चुनाव क्या होता: एक्टिवेशन, किराया या अपना SIM कार्ड।
नंबर चुनते समय की ग़लतियाँ
ग़लती 1. आपने अस्थायी नंबर से ऐसा खाता जोड़ दिया जिसे आप खो नहीं सकते। बैंक, सरकारी सेवाएँ, मुख्य ईमेल, पैसे या ग्राहकों वाला काम का खाता: देर-सबेर ये सेवाएँ साइन इन करते समय, पासवर्ड बदलते समय या सुरक्षा जाँच के दौरान कोड माँगेंगी। SMS प्रदाता के उपकरण से होकर गुज़रता है, और ऑर्डर की अवधि खत्म होने के बाद नंबर आपसे जुड़ा नहीं रहता। ऐसे खातों के लिए अपना SIM कार्ड चाहिए। अस्थायी नंबर वहाँ ठीक है जहाँ खाता खोना अखरेगा, पर भारी नहीं पड़ेगा: फ़ोरम, डिलीवरी ऐप, किसी इवेंट का रजिस्ट्रेशन, टेस्ट खाता।
ग़लती 2. आपने एक्टिवेशन लिया, जबकि खाते में लौटना पड़ेगा। एक्टिवेशन एक ही रजिस्ट्रेशन के लिए बना है और एक घंटे तक चलता है। कई सेवाएँ SMS दोबारा भेजती हैं: नए डिवाइस से साइन इन करने पर, रजिस्ट्रेशन के एक-दो दिन बाद या सेटिंग्स बदलने पर। अगर आपको पता है कि अगले कुछ दिनों में खाते में लौटना होगा, तो किराया लें। किराये के नंबर पर दोबारा आने वाले कोड किराया खत्म होने तक मुफ़्त रहते हैं। जितनी ज़रूरत लगती है, अवधि उससे लंबी चुनें। अगर किराया एक दिन का था और सेवा ने दूसरे दिन पुष्टि माँगी, तो कोड आप तक नहीं पहुँचेगा।
ग़लती 3. आपने किराये के नंबर पर दूसरी सेवा रजिस्टर कर दी। किराया उसी सेवा के लिए खरीदा जाता है जो आपने ऑर्डर में चुनी थी, और दोबारा आने वाले मुफ़्त कोड सिर्फ़ उसी सेवा के होते हैं। इसी बीच दूसरे लोग वही SIM दूसरी सेवाओं के लिए खरीद रहे होते हैं। अगर आप उस नंबर पर दूसरा ऐप चालू करते हैं, तो अपने किराये में उसके कोड मिलने की उम्मीद नहीं कर सकते। और नया खाता ऐसे नंबर से जुड़ जाता है जिसे उस सेवा के लिए कोई और खरीद सकता है। हर सेवा के लिए अलग ऑर्डर करें। एक बार के रजिस्ट्रेशन के लिए अलग एक्टिवेशन काफ़ी है, और बार-बार साइन इन करने के लिए अलग किराया चाहिए।
रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद
ग़लती 4. आपने SMS को साइन इन का अकेला तरीका रहने दिया। अगर खाता सिर्फ़ SMS कोड से खुलता है, तो उसका एक्सेस आपके पास ठीक उतनी ही देर है जितनी देर ऑर्डर चलता है। रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद पासवर्ड सेट करें और ऑथेंटिकेटर ऐप से साइन-इन चालू करें, अगर सेवा में यह सुविधा है। इसके लिए अक्सर एक और SMS कोड चाहिए होता है, और कुछ सेवाएँ सुरक्षा सेटिंग्स बदलने की अनुमति रजिस्ट्रेशन के कुछ समय बाद ही देती हैं। किराये में यह संभल जाता है: आपकी सेवा के कोड अवधि खत्म होने तक आते रहते हैं। एक्टिवेशन में आपके पास सिर्फ़ एक घंटा होता है।
ग़लती 5. आपने बैकअप ईमेल नहीं जोड़ा। अगर एक्सेस वापस पाने का अकेला तरीका फ़ोन है और नंबर पहले ही किसी दूसरे खरीदार के पास है, तो वापस पाने का कोई ज़रिया नहीं बचता। ऐसा पता जोड़ें जिसका एक्सेस आपके पास हमेशा रहता है, और जब तक नंबर पर कोड आ रहे हैं, उसकी पुष्टि कर लें। फिर सेवा की सुरक्षा सेटिंग्स में देखें कि रिकवरी का कौन-सा तरीका मुख्य रखा गया है। अगर सेवा इसकी अनुमति दे, तो उसे ईमेल पर बदल दें।
जब अवधि खत्म होने वाली हो
ग़लती 6. आप किराया खत्म होने का समय चूक गए। पैनल में सक्रिय नंबर टाइमर वाली सूची में दिखते हैं, और टाइमर बताता है कि कितना समय बचा है। जिस भी काम के लिए कोड चाहिए (पासवर्ड बदलना, ऑथेंटिकेटर जोड़ना, इस नंबर की जगह अपना नंबर लगाना), वह किराये के पहले ही दिन कर लें।
अगर समय निकल चुका है, तब भी एक मौका रहता है। जिस नंबर की अवधि खत्म हो चुकी है, उसे "फिर से खरीदें" बटन से दोबारा खरीदा जा सकता है, और असल में यह अवधि बढ़ाना ही है। यह तब काम करेगा जब प्रदाता की SIM ऑनलाइन हो और इस बीच किसी दूसरे खरीदार ने आपकी सेवा के लिए वह नंबर न खरीद लिया हो। अगर SIM ऑफ़लाइन है, तो "SIM वापस करने का अनुरोध करें" बटन प्रदाता को उसे फिर से चालू करने का अनुरोध भेजता है। फ़ैसला प्रदाता के हाथ में है, और हो सकता है SIM वापस न आए। पुराना ऑर्डर ढूँढ़ने में ऑर्डर का इतिहास मदद करता है: उसमें फ़िल्टर और नंबर से खोज है। और हर रजिस्ट्रेशन के समय लिख लिया करें कि कौन-सा नंबर किस खाते से जुड़ा है।
अगर सेवा में बार-बार साइन इन करना पड़ेगा, तो ऑर्डर विंडो में 3 या 7 दिन का किराया चुनें। बटन सिर्फ़ वही अवधियाँ दिखाते हैं जो यह सेवा बेचती है, और भुगतान से पहले कीमत भी। उसी दिन सेवा में पासवर्ड से साइन-इन या ऑथेंटिकेटर ऐप चालू कर लें। तब अवधि खत्म होने तक नंबर आपके खाते में पहुँचने का अकेला रास्ता नहीं रहेगा।